राजस्थान में पंचायती राज चुनावों का आज ऐलान हो गया है. प्रदेश में चार चरण में पंचायती राज चुनाव होंगे. पंचायती राज में 1 लाख 55 हजार से अधिक जनप्रतिनिधियों के होने वाले चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि भाजपा सरकार ने पिछले चुनाव से 20 प्रतिशत से अधिक जनप्रतिनिधियों की भागीदारी इस चुनाव में बढ़ाई है. इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, सह प्रभारी कुलजीत चहल, कविता पाटीदार, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जिलों में प्रवास कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया है. उन्होंने बताया कि इसके लिए संभाग स्तरीय चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि पिछले 31 माह में राजस्थान के कांग्रेसी कुशासन से मुक्ति के बाद भजनलाल सरकार ने ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान की है. जिस प्रकार शहरी निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जनता के आशीर्वाद से प्रचंड बहुमत मिला, उसी प्रकार पंचायती राज चुनावों में भाजपा ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगी. उन्होंने कहा कि इसके लिए भारतीय जनता पार्टी जो की कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और प्रदेश के प्रत्येक बूथ तक इसके लिए सक्रिय कार्यकर्ता है, उन कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की योजनाओं के हुए सफल क्रियान्वयन से हम जनता का विश्वास अर्जित करेंगे.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि जिस प्रकार निकाय चुनाव में बूथ तक पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय होकर सहभागिता निभाई और उनके फीडबैक के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया गया था, उसी प्रकार पंचायती राज में चुनावी रणनीति के अनुसार काम करने की योजना बनी है. इसमें प्रदेश के नेताओं से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता राजस्थान में पंचायती राज के सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को गति देने के लिए डबल इंजन के साथ पंचायती राज का तीसरा इंजन जोड़ने के लिए कृत संकल्पित है, ताकि गांवों में बैठे किसानों, युवा, महिला और गरीब का कल्याण एवं उत्थान हो सकें.
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि जयपुर संभाग में ओंकार सिंह लखावत, डॉ. अल्का गुर्जर और शंकर सिंह राजपुरोहित को शामिल किया गया है. जोधपुर संभाग की जिम्मेदारी सी.आर. चौधरी, प्रमोद सामर और चम्पा लाल गेदर को सौंपी गई है. उदयपुर संभाग में राजेन्द्र राठौड़, नारायण पंचारिया और हेमंत विजय के नामों की घोषणा की गई है. कोटा संभाग के अंतर्गत मुकेश दाधीच, मेघराज लोहिया और डॉ. महेन्द्र कुमावत कार्य करेंगे। बीकानेर संभाग के लिए प्रसन्न चंद मेहता, कैलाश चौधरी और राजेन्द्र कुमार गहलोत को नियुक्त किया गया है. भरतपुर संभाग में अशोक परनामी, हेमराज मीणा और छगन माहुर चुनाव संचालन का कार्य देखेंगे. अजमेर संभाग की कमान अरूण चतुर्वेदी, देवजी भाई पटेल और लालचंद कटारिया को सौंपी गई है.
Madan Rathore I Rajasthan Politics I Rajasthan Bjp I Political News I Big News I Politalks News I Panchayat Chunav I













