PoliTalks News
बड़ी खबर

'कौन हैं वो 'बड़े लोग' जिन्हें बचा रही है सरकार?'- NEET पेपर लीक पर टीकाराम जूली का सबसे बड़ा सवाल

14 मई 2026
साझा करें:
'कौन हैं वो 'बड़े लोग' जिन्हें बचा रही है सरकार?'- NEET पेपर लीक पर टीकाराम जूली का सबसे बड़ा सवाल

नीट पेपर लीक पर टीकाराम जूली का बड़ा हमला: बोले- 'भाजपा के बड़े लोगों को बचाया जा रहा है, शिक्षा मंत्री की चुप्पी शर्मनाक'

NEET Paper Leak: राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस नेता जूली ने कहा कि इस घोटाले ने देश के 22 लाख बच्चों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है और भाजपा के असली चेहरे को बेनकाब कर दिया है. उन्होंने सनसनीखेज आरोप लगाया कि सीबीआई हिरासत में मौजूद आरोपी खुद कबूल कर रहे हैं कि 'बड़े लोगों को बचाया जा रहा है.' जूली ने सीधा सवाल दागा कि आखिर भाजपा के वे कौन से 'बड़े लोग' हैं, जिन्हें बचाने के लिए मासूम छात्रों की मेहनत की बलि दी जा रही है?


शिक्षा मंत्री की जवाबदेही पर उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के रवैये को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि वे अपनी नैतिक जिम्मेदारी से लगातार भाग रहे हैं. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की विश्वसनीयता आज पूरे देश में खत्म हो चुकी है, अखबारों में आलोचनात्मक संपादकीय लिखे जा रहे हैं, लेकिन शिक्षा मंत्री ठोस कार्रवाई करने के बजाय केवल बहाने ढूंढ रहे हैं. जूली ने कहा कि केंद्र सरकार अपराधियों को संरक्षण देने और अपनी जवाबदेही से बचने में लगी हुई है, जिससे देश के युवाओं का सिस्टम से भरोसा उठ गया है.


'बड़े मियां तो बड़े मियां...' मदन दिलावर पर निशाना

राजस्थान के संदर्भ में बात करते हुए कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यहाँ "बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां सुभान अल्लाह" वाली कहावत सच हो रही है. वही जूली ने मदन दिलावर के उस बयान की कड़ी निंदा की जिसमें उन्होंने पेपर लीक जैसी भयानक घटना को "कोई बड़ी बात नहीं" बताया था. उन्होंने कहा कि लाखों युवाओं के सपने टूटने पर ऐसा बयान देना उनके जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है, जो भाजपा की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है.


मोदी और भजनलाल की चुप्पी पर घेरा

इतना ही नहीं टीकाराम जूली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की 'रहस्यमयी चुप्पी' पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि जो नेता मंचों से गला फाड़कर 'पेपर लीक-पेपर लीक' चिल्लाते थे, आज उनके राज में देश की सबसे बड़ी परीक्षा का पेपर लीक हो गया तो वे एक शब्द बोलने को तैयार नहीं हैं. जूली ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की और छात्रों को न्याय नहीं दिया, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर युवाओं की आवाज बुलंद करेगी.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal