Rajasthan Politics: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को जयपुर में एक विशेष मीडिया संवाद को संबोधित किया. यह संवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और लोक कल्याण को समर्पित गौरवशाली 12 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित किया गया था. मुख्यमंत्री भजनलाल ने प्रधानमंत्री मोदी को प्रदेशवासियों की ओर से बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने की असाधारण उपलब्धि हासिल की है. इस दौरान 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष वीडियो फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जहां भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे.
सड़क से संसद तक बदला देश का मिजाज, आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2014 से पहले की यूपीए सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश भ्रष्टाचार, महंगाई, आतंकवाद और नीतिगत अव्यवस्था से जूझ रहा था, लेकिन पीएम मोदी ने देश को इस संकट से बाहर निकाला। सीएम ने राष्ट्रीय सुरक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई है. उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और 'ऑपरेशन सिंदूर' का विशेष रूप से उल्लेख किया, जिसके जरिए न केवल पहलगाम हमले का बदला लिया गया, बल्कि सीमा पार आतंकियों को ढेर कर उनके ठिकानों को भी ध्वस्त किया गया. इसी कड़े नेतृत्व के कारण धारा-370 की समाप्ति और तीन कानूनों को बदलकर भारतीय न्याय संहिता लागू करना मुमकिन हो पाया है.
गरीब, महिला, युवा और किसान; विकास के चार मजबूत स्तंभ
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने गरीब कल्याण को शासन के केंद्र में रखा है, जिसके चलते 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकले हैं. देश में 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन और 60 करोड़ गरीबों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की गारंटी मिली है. इसके अलावा कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया और डिजिटल इकॉनॉमी के जरिए युवाओं को नई उड़ान मिली है. 'वीमेन लेड डवलपमेंट' और 'लखपति दीदी' जैसी योजनाओं से महिलाओं को सपोर्ट सिस्टम मिला है, तो वहीं किसानों के लिए बीज से लेकर बाजार तक एमएसपी (MSP) में बढ़ोतरी और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी पहलों से कृषि क्षेत्र मजबूत हुआ है.
केंद्र की योजनाओं से चमका राजस्थान, प्रति व्यक्ति आय 2 लाख के पार
मुख्यमंत्री ने आंकड़ों के साथ बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का राजस्थान को अभूतपूर्व लाभ मिला है. प्रदेश में करीब 2.45 करोड़ सॉयल हेल्थ कार्ड जारी हुए, फसल बीमा के तहत 35 हजार करोड़ का मुआवजा मिला और पीएम आवास योजना में 34 लाख से अधिक पक्के घर बने। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 89 लाख शौचालय बने और 43 हजार गांव ओडीएफ प्लस हो चुके हैं. बुनियादी ढांचे में आई क्रांति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2014 से पहले राज्य में पीएम ग्राम सड़क योजना के तहत सिर्फ 53 हजार किमी सड़कें थीं, जो आज 86 हजार किमी पार कर चुकी हैं. सामाजिक सुरक्षा के लाभार्थी 57 लाख से बढ़कर 89 लाख हो गए हैं, और राज्य में प्रति व्यक्ति आय 2014 के ₹69,000 से बढ़कर आज ₹2 लाख के पार पहुंच गई है.
12 से 20 जून तक राजस्थान में 'जन कल्याण शिविर', 2027 तक किसानों को दिन में बिजली राजस्थान सरकार के संकल्पों को दोहराते हुए सीएम भजनलाल ने कहा कि पीएम मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर राज्य में 12 जून से 20 जून तक हर जिले में 'जन कल्याण शिविर' और 'ग्राम विकास चौपाल' आयोजित की जा रही हैं, जहां सभी सरकारी सेवाएं एक ही छत के नीचे मिल रही हैं. उन्होंने बड़ा एलान करते हुए कहा कि जल संचय के लिए 'वंदे गंगा अभियान' चलाया जा रहा है और वर्ष 2027 तक प्रदेश के सभी किसानों को दिन में बिजली दी जाएगी, जो वर्तमान में 26 जिलों में दी जा रही है. साथ ही, 'राइजिंग राजस्थान' के तहत हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू (MoU) में से 9 लाख करोड़ रुपये के निवेश को धरातल पर उतारा जा चुका है.











