राजस्थान में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में हो रही देरी और सड़क सुरक्षा का मुद्दा नागौर सांसद एवं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने लोकसभा में जोर-शोर से उठाया. बेनीवाल ने सरकार से राजस्थान में फोरलेन, सिक्सलेन, बाईपास और अन्य राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति, लागत, प्रगति, देरी के कारण और सड़क सुरक्षा को लेकर उठाए जा रहे कदमों की जानकारी मांगी. उनके सवाल के जवाब में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने स्वीकार किया कि राजस्थान में कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी नहीं हो सकी हैं और सरकार इनकी लगातार निगरानी कर रही है.
सरकार की ओर से बताया गया कि कई परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण में देरी, रेलवे की स्वीकृतियां लंबित रहने, वन विभाग की मंजूरी, ठेकेदारों की वित्तीय परेशानियां, संसाधनों की धीमी उपलब्धता, GRAP प्रतिबंध, फ्लाई ऐश की कमी समेत कई तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है. इसके चलते कई परियोजनाओं की निर्धारित पूर्णता तिथि भी आगे बढ़ानी पड़ी है. सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि सड़कों के निर्माण में देरी से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ आर्थिक गतिविधियों पर भी असर पड़ता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है.
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने विशेष रूप से नागौर-जोधपुर, नागौर-बीकानेर, नागौर-सालासर और नागौर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रॉमा सेंटर, एंबुलेंस, क्रेन, आपातकालीन चिकित्सा सहायता और अग्निशमन सुविधाएं मजबूत करने की मांग उठाई. सरकार ने बताया कि NH-58 के अजमेर-नागौर एवं नागौर-सालासर तथा NH-62 के नागौर-जोधपुर एवं नागौर-बीकानेर खंडों पर वर्तमान में दो-दो क्रेन और दो-दो एंबुलेंस तैनात हैं. वहीं ट्रॉमा सेंटर और अग्निशमन जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र का विषय बताया गया है.
सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान देश का भौगोलिक रूप से सबसे बड़ा राज्य है और यहां मजबूत राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क कृषि, व्यापार, पर्यटन, उद्योग और निवेश से सीधे जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि वर्षों तक परियोजनाओं का अधूरा रहना प्रदेश के विकास को प्रभावित करता है और लाखों लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है. वही बेनीवाल ने केंद्र, राज्य और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की. उन्होंने स्पष्ट किया कि नागौर समेत पूरे राजस्थान में सुरक्षित और बेहतर राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण का मुद्दा वे संसद के भीतर और बाहर लगातार उठाते रहेंगे.
Rajasthan Highway News, Hanuman Beniwal, Nitin Gadkari, Rajasthan Highway Project, Rajasthan Road News, Nagaur Highway, Hanuman Beniwal News, Gadkari News, Rajasthan News, Nagaur News, National Highway Rajasthan, Rajasthan Politics, Highway Project Delay, Rajasthan Latest News, Political News Rajasthan










